बगहा में बड़ा हादसा: स्कूल वैन पलटी, 10 बच्चे घायल, चालक मौके से फरार.

बहुअरी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी वैन, कई बच्चों की हालत गंभीर.

बगहा में बड़ा हादसा: स्कूल वैन पलटी, 10 बच्चे घायल, चालक मौके से फरार.
Image Slider
Image Slider
Image Slider

पश्चिम चंपारण के बगहा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे बच्चों से भरी एक वैन हादसे का शिकार हो गई। रामनगर थाना क्षेत्र के दिउलिया गांव के समीप बहुअरी मोड़ के पास गुरुवार सुबह अचानक एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब 10 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि रामनगर के तौलाहा स्थित ए.के. पब्लिक स्कूल की वैन में करीब 15 से 20 बच्चे और एक शिक्षिका सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा और वैन सड़क से करीब पांच फीट नीचे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के बाद चालक घायल बच्चों और वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने कुछ बच्चों और शिक्षिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।

रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है।

वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। चालक से पूछताछ और घायलों के बयान के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और चालक की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटना से एनबीसी 24 के लिए कुमार गौतम की रिपोर्ट।